छतरपुर। जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में परिवार ने पुलिस पर लापरवाही और दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर लड़की की तलाश और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
बक्सवाहा थाना क्षेत्र के ग्राम बसाई निवासी सुखराम यादव और श्रीराम यादव ने बताया कि उनकी 17 वर्ष 7 महीने की बेटी अंशिका यादव का 17 मई को रात करीब 2 बजे कट्टे की नोंक पर अपहरण कर लिया गया था। डेढ़ महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद अंशिका का कोई पता नहीं चला। श्रीराम ने आरोप लगाया कि बक्सवाहा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच नहीं कर रही और उनसे 10,000 रुपये की मांग की गई, जिसमें से 5,000 रुपये पुलिस की गाड़ी में डीजल डलवाने के लिए दिए गए, लेकिन फिर भी कोई प्रगति नहीं हुई। सुखराम ने बताया कि अपहरण लुडियारा गांव के राजेंद्र यादव, भूपेंद्र यादव, फूल सिंह यादव और सरदेव यादव ने किया। उन्होंने थाने में पदस्थ महेश पांडे पर मारने-पीटने की धमकी देने और 181 पर दर्ज शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। परिवार ने एसपी से अंशिका की तलाश और अपहरणकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई।









