जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लहदरा में सेंगर परिवार में दहेज प्रताडऩा से जुड़ा पुराना विवाद एक बार फिर से सुर्खियों में है। बताया गया है कि सेंगर परिवार की महिला ने अपने पति, बेटों सहित दो अज्ञात लोगों के साथ मिलकर अपने जेठ और चाचा ससुर पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया है। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें हरपालपुर उप स्वास्थ्य केंद्र से छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहां पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
घायल संतोष सिंह ने बताया कि बीते रेाज उनकी मां स्वर्गीय केसर देवी की 6वीं पुण्यतिथि के कार्यक्रम के दौरान विवाद शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि परिवार का मानवेंद्र और बहू उपासना बार-बार लाइट के तार निकाल रहे थे। जब वह सुधारने गया, तो मानवेंद्र ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। चाचा वीरेंद्र सिंह और पिता शोभा सिंह बचाने आए, लेकिन मानवेंद्र के बेटे अंजुल और प्रांजुल ने उन पर भी हमला कर दिया। संतोष के मुताबिक उपासना ने भी लाठी से उसे मारा, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया है। वहीं, शोभा सिंह ने बताया कि उपासना ने 2008 में परिवार के सात सदस्य मानवेंद्र, शोभा, केसर देवी, वीरेंद्र, संतोष, बसंत कुमार और वीर सिंह पर दहेज प्रताडऩा और मारपीट का मामला दर्ज कराया था, जिसमें सभी जेल गए थे। छह माह पहले भी उपासना के कहने पर मानवेंद्र ने शोभा और उनके नाती विशाल सिंह को पीटा था, जिसमें विशाल का हाथ टूट गया था और शोभा को गंभीर चोटें आई थीं। इसकी रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। शोभा ने आरोप लगाया कि उपासना के इशारे पर मानवेंद्र अब पत्नी और बच्चों के साथ मिलकर लगातार मारपीट कर रहा है। दूसरे पक्ष की उपासना और मानवेंद्र को भी चोटें आईं हैं जिसके चलते हरपालपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।










