Home डेली न्यूज़ सागर संभाग की पहली महिला आईजी का टीकमगढ़ दौरा-महिला अपराधों पर नियंत्रण...

सागर संभाग की पहली महिला आईजी का टीकमगढ़ दौरा-महिला अपराधों पर नियंत्रण पहली प्राथमिकता-श्रीमती खन्ना जनता पर भरोसा बनाए रखने में कामयाब आईजी हिमानी खन्ना

177
0
Jeevan Ayurveda


टीकमगढ़। सागर संभाग की पहली महिला आईजी हिमानी खन्ना ने आज यहां का दौरा कर पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। श्रीमती खन्ना के पति श्री विनीत खन्ना भी इसके पूर्व यहां छतरपुर जोन के डीआईजी रह चुके हैं। जिनके सफल कार्यकाल को आज भी लोग याद करते हैं। आईजी श्रीमती खन्ना एक तेजतर्रार एवं सख्त अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं। उनके आईजी बनने से टीकमगढ़ सहित संभाग के अन्य जिले की सुरक्षा और कानून व्यवस्था में सुधार के आसार नजर आने लगे हैं। उन्होंने यहां कंट्रोल रूम में पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर अपनी मंशा साफ तौर पर जाहिर की। इसके साथ ही वह पुलिस लाईन भी पहुंची। सागर संभाग में पहली बार किसी महिला अधिकारी को आईजी पद की कमान सौंपी गई है। हाल ही में सागर संभाग में पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका टीकमगढ़ जिले का पहला दौरा है। यहां बता दें कि सागर संभाग में फेरबदल का दौर इन दिनों जारी बना हुआ है। इतना तो तय है कि श्रीमती खन्ना के आईजी बनने के बाद संभाग में लचरता और लापरवाही करने वालों पर तो गाज गिरना तय है। उनकी कार्यशैली के बारे में इतना तो कहा जा सकता है कि वह लापरवाही और भ्रष्टाचार तो कतई पसंद नहीं करतीं। उन्होंने एएसपी, एसपी, डीआईजी के रूप में अनेक जिलों में अपनी सेवाएं देकर जनता के बीच अपनी बेहतर छबि को बनाए रखा है। नव जिला बनते ही श्रीमती खन्ना को श्योपुर एसडीओपी के रूप में अपना कार्य करना पड़ा। तमाम अव्यवस्थाओं के बाद भी उन्होंने अपना कार्य बखूबी निभाया। फिर वह इसके बाद लगातार उन्नति करती रहीं। अब तक उनका फोकस महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने पर ही रहा है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस को अधिक संवेदनशील व सक्रिय बनाने को लेकर उनकी गंभीरता नजर आती रही है। ऐसे मामलों में उनकी सख्ती कई जगहों पर अब तक नजर भी आती रही है। बताया गया है कि उनका मानना है कि अपराधी में जब तक कानून का भय नहीं होगा, तब तक अपराध कम नहीं होगा। आईजी श्रीमती खन्ना महिला हेल्प लाइन, थानों में महिला डेस्क, साइबर क्राईम, अवैध नशा सहित अन्य अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसने को लेकर लगातार गंभीर रही हैं। टीकमगढ़ आने पर भी उन्होंने यहां अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनता के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने एवं पारदर्शिता तथा संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। लोगों को समय पर न्याय मिलना चाहिए। श्रीमती खन्ना का कहना है कि जनता का पुलिस पर भरोसा कायम रहना चाहिए। यह पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। इसके लिए हर स्तर पर सुधार की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने इसके लिए जन सहभागिता की भी अपील की। उनके सागर संभाग आईजी के रूप में पदस्थ होने के बाद से ही राजनैतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। अब तक क्षेत्रों में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाए जाने की उम्मीद नजर आने लगी है। उम्मीद की जाने लगी है कि संभाग की पहली महिला आईजी बनीं श्रीमती हिमानी खन्ना के कुशल नेतृत्व से संभाग में एक नई कार्यशैली देखने को मिलेगी। उनका विभिन्न पदों पर कार्य करने का अनुभव और उनकी तेज तर्रार कार्यशैली बुंदेलखंड क्षेत्र की शांति व्यवस्था तथा लचर कार्यशैली में बदलाव लाने पर कामयाब होगी।
दो बार मिल चुका राष्ट्रपति पुरूष्कार-
संभाग सागर की प्रथम महिला आईजी बनीं श्रीमती हिमानी खन्ना को उनकी बेहतर सेवाओं एवं कर्तव्य पालन के लिए दो बार राष्ट्रीय स्तर पर महामहिम राष्ट्रपति पुरूष्कार प्राप्त हो चुका है। श्रीमती खन्ना ने वर्ष 1990 में एसडीओपी के रूप मेंं अपनी सेवाएं देना आरंभ किया। अपनी ईमानदारी और कार्य कुशलता के चलते उन्होंने जनता के बीच अपनी बेहतर छवि को बनाए रखी। उन्होंने श्योपुर, कटनी, राजगढ़ सहित अनेक जिलों में एसपी, डीआईजी के रूप में सेवाएं दीं। श्री खन्ना भी यहां छतरपुर में डीआईजी के रूप में सेवाएं देकर टीकमगढ़ एवं छतरपुर जिले में अपनी बेहतर कार्यशैली के लिए जाने जाते रहे। श्रीमती खन्ना के आईजी बनते ही लोगों में उम्मीद की एक नई किरण नजर आई है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here