
छतरपुर। चंदला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय किराना दुकानदार की मौत हो गई। बताया गया है कि अज्ञात स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके बाद घायल अवस्था में उन्हें चंदला अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में उनका पोस्टमॉर्टम किया गया।प्राप्त जानकारी के मुताबिकक हादसे का शिकार हुए पवन जैन 60 वर्ष चंदला के निवासी थे और किराना दुकान चलाते थे। उनके बेटे प्रशांत जैन ने बताया कि सोमवार रात 9 बजे पिता दुकान पर थे। बाथरूम के लिए सड़क किनारे गए थे। वापसी में दुकान लौटते समय दो स्कूटी सवारों ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें चंदला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। चंदला थाना प्रभारी कमल सिंह ठाकुर ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।









