
छतरपुर। गुरुवार को एक बलात्कार पीडि़त महिला ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित होकर एसपी ऑफिस के बाहर धरना शुरू कर दिया। पीडि़ता के मुताबिक उसने करीब डेढ़ माह पहले कोतवाली थाने में बलात्कार की एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
पीडि़ता ने बताया कि पठापुर रोड निवासी मनू अरजरिया ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकर गया। इस मामले में पीडि़ता छह बार एसपी ऑफिस में आवेदन दे चुकी है। गुरुवार को सातवीं बार एसपी ऑफिस पहुंची पीडि़ता ने दोपहर साढ़े 12 बजे धरने पर बैठने का फैसला किया। धरने के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी ने पीडि़ता से बात करने की कोशिश की, लेकिन पीडि़ता ने कहा, जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा, मैं यहां से नहीं हटूंगी। कुछ समय बाद एएसपी विदिता डाकर, पीडि़ता से बिना बात किए बिना उसके सामने से गुजर गईं। कुछ समय बाद जब मीडियाकर्मियों द्वारा सोशल मीडिया पर मुद्दा उठाया गया तो पुलिस विभाग सक्रिय हुआ। एएसपी विदिता डागर वापिस एसपी ऑफिस पहुंची जहां उन्होंने पीडि़ता के साथ जमीन पर बैठकर उससे बात की और 12 घंटे में आरोपी को पकडऩे का आश्वासन दिया, जब जाकर पीडि़ता धरने से उठी। पुलिस ने आरोपी मनु अरजरिया पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।








