
छतरपुर। शुक्रवार की देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र नया चंद्रपुरा की तलैया में एक युवक की शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी लेकिन रात अधिक होने के कारण शव बाहर नहीं निकल सका। शनिवार की सुबह पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद से शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। इस मामले में मृतक के भाई ने अपनी बेटी के ससुराल वालों पर हत्या करने के बाद शव तलैया में फेकने के आरोप लगाए गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का नाम बृजपाल पुत्र करकुजी आदिवासी उम्र 30 साल है, जो कि दतिया जिले के प्रकाशनगर गांव का रहने वाला था। बृजपाल की भतीजी मुस्कान का विवाह चंद्रपुरा हुआ था। होली के दिन बृजपाल अपने भाई करताल और मां कुसमा आदिवासी के साथ मुस्कान को लेने चंद्रपुरा आया था, जहां मुस्कान की ससुराल वालों से उनका विवाद हो गया। करताल का आरोप है कि चंद्रपुरा निवासी बृद्ध सिंह, सवा सिंह, सोनेजू, बाबा, जोरावर और सपोली ने उनके साथ मारपीट की और बृजपाल की हत्या कर शव तलैया में फेक दिया। घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई थी, जिस पर पुलिस ने शव को खोजने का प्रयास किया लेकिन रात होने के कारण शव नहीं मिला। शनिवार की सुबह पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद से बृजपाल का शव बाहर निकाला। सिविल लाइन थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि तलैया में युवक का शव मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के भाई और मां के कथन लेकर मर्ग कायम किया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण सामने आएंगे।









