
गढ़ीमलहरा। नगर के वार्ड नंबर 7 किशोरगंज मोहल्ले में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक साथ दो घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सुबह जब परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी लगी तब उनके द्वारा पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घरों का जायजा लेकर चोरों की तलाश शुरु की है।वार्ड नंबर 7 किशोरगंज मोहल्ला निवासी रामकुमार राठौर और मोतीलाल राठौर ने बताया कि बीती रात वे अपने-अपने घर में परिवार के लोगों के साथ सो रहे थे। अज्ञात चोरों ने रात को घर में घुसकर उन कमरों को बाहर से लॉक कर दिया, जिनमें लोग सो रहे थे। इसके बाद अन्य कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर नगदी तथा जेवरात चोरी कर लिए। बताया गया है कि चोरों ने घर से चुराए गए बक्सों को पास के एक खेत में फेक दिया था, जो सुबह घर के लोगों को मिले। रामकुमार राठौर और मोतीलाल राठौर की शिकायत पर गढ़ीमलहरा पुलिस ने दोनों घरों का जायजा लिया और चोरों की तलाश शुरु कर दी है।








