
आटा की बोरी लेकर पिता के साथ घर जा रही बच्ची
छतरपुर। शनिवार की सुबह शहर के महोबा रोड पर महतों पेट्रोल पंप के समीप हुए एक भीषण सडक़ हादसे में 14 वर्षीय लडक़ी की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया है कि लडक़ी अपने पिता के साथ चक्की से आटा की बोरी लेकर अपने घर की ओर जा रही थी तभी पेट्रोल पंप के सामने उक्त हादसा हुआ। बच्ची के शव तथा घायल पिता को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पिता का इलाज और बच्ची का पोस्टमार्टम किया किया गया।प्राप्त जानकारी के मुताबिक मूलत: सागर जिले का रहने वाला 35 वर्षीय संतू रावत (आदिवासी), छतरपुर में बंटाई पर जमीन लेकर खेती-किसानी का काम करता है और पूरे परिवार के साथ यहीं रहता है। सोमवार की सुबह संतू अपनी 14 वर्षीय पुत्री शिवानी के साथ महतों पेट्रोल पंप के सामने स्थित चक्की पर आटा पिसवाने के लिए आया था। आटा पिसवाने के बाद संतू अपनी पुत्री शिवानी के साथ बाइक से घर जा रहा था। वहीं एक पिकअप वाहन पेट्रोल पंप से डीजल भरावकर छतरपुर की ओर जा रही थी। चूंकि पिकअप अचानक सडक़ पर आ गई थी, जिस कारण से छतरपुर शहर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया तथा सडक़ किनारे बनी चाय की टपरी से टकराते हुए संतू की बाईक से टकरा गया। बाइक को टक्कर लगने से संतू फुटपाथ की ओर गिरा जबकि उसकी बेटी सडक़ पर गिरी, जिससे ट्रक का आगे वाला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर और ओरछा रोड थाना प्रभारी दीपक यादव मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घायल संतू को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पंचनामा कार्रवाई के बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।









