
नौगांव। थाना पुलिस ने गत रोज थाना क्षेत्र में 2 मोबाइल डीजे मशीनें जप्त कर, संचालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और मध्य प्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि पूर्व में मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार छतरपुर पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना क्षेत्र अंतर्गत वैवाहिक कार्यक्रम स्थल मैरिज गार्डन सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों के संचालकों एवं डीजे संचालकों के साथ मीटिंग कर निर्धारित मानक, समय एवं ध्वनि में ध्वनि उपकरणों का प्रयोग व नियमों का पालन करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे। बीती रात करीब 2 बजे नगर के ईशानगर रोड और आर्मी कैंट के पास महिंद्रा कंपनी की कमांडर कार में डीजे साउंड लगाकर तेज ध्वनि में बजाए जा रहे थे। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों महिंद्रा कमांडर कारों को जप्त कर दो आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपी डीजे ऑपरेटर हेमंत पुत्र बाबूजी सोनकर निवासी ग्राम बिलहरी एवं डीजे ऑपरेटर अरुण प्रताप सिंह पुत्र राजवेंद्र सिंह निवासी पिपरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता व मध्य प्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।









