
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छत्रसालनगर में रहने वाले पुष्पेन्द्र सिंह के सूने घर में चोरों ने लाखों रूपए के जेवरात सहित नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी परिवारवालों को दो दिन बाद लगी जब वह वापस लौटकर आए और घर के ताले टूटे मिले। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना गुरूवार को सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन करते हुए शुक्रवार को चोरी की एफआईआर दर्ज की है।जानकारी के अनुसार छत्रसालनगर में रहने वाले पुष्पेन्द्र सिंह घोष ने बताया कि उनके दादाजी की तबियत खराब होने पर उनका पूरा परिवार 3 दिसम्बर को ग्राम गढ़ा चला गया जहां उनका इलाज कराया। दादाजी की तबियत सही न होने पर दूसरे दिन भी गांव में ही रूके रहे। जब 5 दिसम्बर को उनका परिवार लौटकर आया तो देखा कि घर के ताले टूटे पड़े हैं। गेट खुले हुए थे जब उन्होंने घर का सामान चेक किया तो चार लाख रूपए सहित सोना, चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके बाद पुष्पेन्द्र द्वारा सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने चोरी की एफआईआर दर्ज करते हुए जल्द चोरों को पकडऩे की बात कही है।









