
शरीर में फैला इन्फैक्शन, सीएमएचओ बोले होगी कार्रवाई
छतरपुर। जिले के बिजावर थाना क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा बच्चे को गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्चे के शरीर में इन्फैक्शन फैलने का मामला सामने आया है। हालत बिगडऩे के बाद परिजन बच्चे को जिला अस्पताल लाए हैं, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं सीएमएचओ द्वारा संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजावर निवासी परम कुशवाहा के 3 वर्षीय पुत्र यश के पेट में दर्द उठने के बाद, परम उसे मोहल्ले में क्लीनिक संचालित करने वाले डॉक्टर बालकिशुन के पास ले गया था, जहां डॉक्टर बालकिशुन ने उसे एक इंजेक्शन लगाया, जिससे यश की हालत और अधिक बिगड़ गई। परम कुशवाहा के मुताबिक इंजेक्शन लगने के बाद यश के पूरे शरीर में फुंशियां निकल आई थीं और उसे खुजली होने लगी थी तथा कुछ समय बाद पूरे शरीर में सूजन आ गई। इसके बाद परम कुशवाहा अपने बेटे को बिजावर अस्पताल ले गया जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉ रोशन द्विवेदी द्वारा परीक्षण किए जाने के बाद पता चला कि डॉक्टर बालकिशुन द्वारा गलत इलाज किए जाने के कारण यश के शरीर में इन्फेक्शन फैल गया है। फिलहाल जिला अस्पताल में यश का इलाज किया जा रहा है। वहीं जब इस मामले में सीएमएचओ आरपी गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि डॉक्टर बालकिशुन के क्लीनिक की जांच करने के बाद उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।









