
हरपालपुर। रबी सीजन की शुरुआत होने से पहले किसानों को यूरिया उपलब्ध कराने की कवायद शुरु हो चुकी है। गत रोज इफ्को यूरिया की एक रैक हरपालपुर स्टेशन पर पहुंची, जिसमें से 2661 मीट्रिक टन यूरिया छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले को मिली है। चूंकि छतरपुर जिला कृषि प्रधान है, जिसके चलते यहां के किसानों को बड़ी मात्रा में यूरिया की आवश्यकता होती है, इसलिए प्रशासन द्वारा अभी से किसानों को यूरिया उपलब्ध कराने के प्रबंध शुरु कर दिए गए हैं ताकि आगे चलकर यूरिया की किल्लत न हो।उल्लेखनीय है कि हर वर्ष जिले के किसानों को यूरिया संकट से जूझना पड़ता है, समय पर यूरिया न मिलने से कृषि कार्य प्रभावित होता है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने इस वर्ष समय पर खाद की डिमांड भेजी है और यूरिया का आना शुरु हो गया है। संभवत: इस वर्ष किसानों को यूरिया संकट से नहीं जूझना पड़ेगा और न ही महंगे दामों पर व्यापारियों से यूरिया खरीदना पड़ेगा। हरपालपुर रेलवे स्टेशन के रैक पाइंट पर आई 2661 मैट्रिक टन यूरिया की रैक में से 1870 मीट्रिक टन यूरिया छतरपुर और टीकमगढ़ जिले के लिए है। कृषि अधिकारी सूरजभान पटेल ने बताया कि कलेक्टर पार्थ जायसवाल के प्रयास से जिले को यह रैक मिली है। खाद की स्थिति को लेकर उच्च अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनीटरिंग भी की जाएगी।









