
छतरपुर। मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में आए महाराजपुर निवासी नरेश चौरसिया ने बताया कि उसकी महाराजपुर मौजा में स्थिति उसकी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है, जिसकी शिकायत उसने तहसीलदार से की थी। तहसीलदार द्वारा 4 बार उसकी जमीन से कब्जा हटाने का आदेश आरआई और पटवारी को दिया जा चुका है लेकिन आरआई, पटवारी द्वारा आज तक कब्जा नहीं हटवाया गया। नरेश का आरोप है कि आरआई और पटवारी ने कब्जाधारियों से पैसे लेकर सांठगांठ कर ली है, जिस कारण से वे तहसीलदार के आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। नरेश ने बताया कि उसकी 15 से 20 फिट जमीन पर कब्जा किया गया है। पूर्व में वह कई बार कलेक्टर से भी शिकायत कर चुका है लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। नरेश ने एक बार फिर कलेक्टर को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।









