
सुबह 7 बजे शुरु हुई मतदान प्रक्रिया के बाद जिले के मतदान केन्द्रों से तस्वीरें सामने आना शुरु हो गई थीं, जिनमें कुछ केन्द्रों पर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला तो कुछ केन्द्रों पर अव्यवस्थाएं भी देखने को मिलीं। हालांकि ज्यादातर मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया निर्विघ्न संपन्न हुई। भीषण गर्मी से बचने के लिए सुबह के वक्त मतदान केन्द्रों पर भीड़ देखने को मिली। हालांकि दोपहर में भी जागरुक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। मतदाताओं के स्वागत में केन्द्रों की विशेष साज-सज्जा भी की गई। महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के हरपालपुर नगर के शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल से अव्यवस्था की तस्वीरें सामने आई। दरअसल विद्यालय में बने मतदान केंद्र क्रमांक 25 पर ईवीएम मशीन में कुछ गड़बड़ी आने से लगभग एक घंटे तक मतदान बाधित रहा और मतदान रुकने से तेज गर्मी में मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि ईवीएम बदलने के बाद पुन: मतदान शुरू हो गया।








