
3 करोड़ से होगा तालाबों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण
छतरपुर। शहरी परिवर्तन और कायाकल्प के लिये चलाई जा रही अमृत योजना के फेज-2 में छतरपुर शहर के भीतर तीन कार्य प्रस्तावित हैं, जिसमें सीवर लाइन और शहर के दो तालाबों का जीर्णोद्धार तथा सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है। सीवर लाइन का कार्य 165 करोड़ की लागत से होना है जबकि तालाबों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण 3 करोड़ की लागत से किया जाएगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा ने बताया कि पानी की आपूर्ति, सीवरेज, शहरी परिवहन, पार्क जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए चलाई जा रही अमृत योजना के फेज-2 में तीन कार्य प्रस्तावित हैं। पहला कार्य शहर में सीवर लाइन डालने का है, जो कि 165 करोड़ की लागत से किया जाना है। उक्त कार्य का डीपीआर तैयार कर लिया गया है, कुछ संशोधन के उपरांत इसे भोपाल भेजा जाएगा। इसके अलावा शहर के संकट मोचन तालाब और ग्वाल मंगरा तालाब का जीर्णोद्धार तथा सौदर्यीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। यह दोनों कार्य 3 करोड़ की लागत से संपन्न होने हैं। सीएमओ ने बताया कि तालाबों के कार्य का डीपीआर बनाकर भोपाल भेजा चुका है, स्वीकृति मिलते ही कार्य हेतु टेण्डर जारी किए जाएंगे।








