
घायल के बयान लेकर जांच में जुटी पुलिस
छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र में बीती शाम बाईक से जा रहे एक युवक के ऊपर दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों द्वारा गोली दी गई। हाथ में गोली लगने के कारण बाईक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद घायल युवक को बड़ामलहरा अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।घायल युवक भज्जू उर्फ रामबगस यादव निवासी जमुनया के रिश्तेदार मोहन यादव निवासी बरौठा ने बताया कि बुधवार को वह भज्जू के साथ बकस्वाहा क्षेत्र के एक गांव गया था। शाम करीब 7 बजे वह वापिस लौट रहे थे। मोहन यादव एक अन्य व्यक्ति के साथ बाईक पर सवार था, जबकि भज्जू दूसरी बाईक पर अकेला चल रहा था। जैसे ही दोनों गाडिय़ां राजा ढाबा के पास पहुंची वैसे ही पीछे से तेज रफ्तार में आई बाईक पर सवार नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया जब भज्जू ने बाईक नहीं रोकी तो नकाबपोश बदमाशों में से एक ने कट्टा निकालकर भज्जू पर गोली चला दी। गोली भज्जू के हाथ में लगी और वहीं गिर गया। घटना को अंजाम देकर नकाबपोश बदमाश वहां से भाग निकले। दूसरी बाईक पर आ रहे मोहन और उसके साथी द्वारा भज्जू को बड़ामलहरा ले जाकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस भज्जू को इलाज के लिए बड़ामलहरा अस्पताल ले गई, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बड़ामलहरा थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि चूंकि बदमाश गोली मारने के बाद मौके से भाग गए थे, इसलिए मामला लूट का प्रतीत नहीं हो रहा है। घायल द्वारा दिए गए कथनों के आधार पर मामला पंजीबद्ध कर मामले की जांच की जा रही है।









