छतरपुर। बछौन-राजनगर मार्ग पर बनी नहर की पुलिया के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेत से भरा 22 चक्का हाईवा अनियंत्रित होकर नहर की पट्टी तोड़ते हुए सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में हाईवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोग किसी तरह कांच तोड़कर बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।मिली जानकारी के अनुसार, हाईवा चालक ओमप्रकाश कुशवाहा (उम्र 25 वर्ष), निवासी चौराहा, अपने दो सहयोगियों के साथ रेत लेकर छतरपुर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 6 बजे बछौन गांव के बाहर स्थित नहर की पुलिया के पास अंधा मोड़ होने और घना कोहरा छाए रहने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित हाईवा पुलिया की पट्टी तोड़ते हुए नीचे गिर गया, जिससे चालक ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।हाईवा में सवार संदीप अहिरवार और वीरेंद्र अनुरागी, निवासी ज्योराहा, ने आगे का कांच तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। संदीप अहिरवार ने बताया कि कोहरे और अंधे मोड़ के कारण हादसा हुआ, जिसमें वे दोनों बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मौके पर मौजूद राहगीरों ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही चंदला पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से हाईवा को बाहर निकलवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर चंदला स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।










