छतरपुर। नौगांव रोड स्थित पेप्टेक टाउन कॉलोनी में नवरात्र महोत्सव का आयोजन धूमधाम से चल रहा है। कॉलोनी के राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में मां आदिशक्ति की प्रतिमा की स्थापना की गई है, जहां प्रतिदिन सुबह और शाम 8 बजे आरती एवं महाप्रसाद का आयोजन हो रहा है।
सांध्यकालीन सांस्कृतिक आयोजनों में भक्त देर रात तक भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठा रहे हैं। मंगलवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध गायक मधुर परशुराम अवस्थी एवं उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। मां आदिशक्ति, भोलेनाथ और राधाकृष्ण के भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बुधवार को मंच पर बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी, वहीं गुरुवार को प्रसिद्ध गायक खनिज देव सिंह चौहान के भजनों की प्रस्तुति होगी। आयोजन समिति ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भक्ति एवं संस्कृति का आनंद लेने की अपील की है।










