छतरपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर में एक किसान के खेत से चोरी हुआ ट्रैक्टर व कल्टीवेटर पुलिस ने महज चार दिन के अंदर बरामद कर लिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने इलाके में गश्त और संदेहियों की जानकारी जुटाई, जिसके चलते आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पृथ्वीपुर निवासी सुवेन्द्र पटेल की रिपोर्ट पर गढ़ी मलहरा थाना में ट्रैक्टर चोरी का प्रकरण कायम किया गया था। मामले की जांच में एसडीओपी नौगांव अमित मेश्राम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रीता सिंह, उप निरीक्षक किशन लाल, प्रधान आरक्षक जनक सिंह, प्रधान आरक्षक बृजेश यादव, आरक्षक दशरथ एवं पूरी पुलिस टीम ने मिलकर क्षेत्र के पन्ना रोड, महोबा रोड, छतरपुर रोड आदि स्थानों पर सघन सर्चिंग की। उसी दौरान विभिन्न मार्गों पर गुजरने वाले वाहनों की तलाश और संदिग्धों की जानकारी ली गई, जिसके आधार पर ऊजरा गांव निवासी राम सिंह यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पावर ट्रैक कंपनी का चोरी गया ट्रैक्टर और कल्टीवेटर, जिसकी कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है, बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश और जांच में जुटी है।









