छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की लालौनी पुलिया के पास जामुन के पत्ते तोड़ते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया गया है कि दुर्जन पुत्र भगवानदास प्रजापति उम्र 30 वर्ष निवासी कृष्णा कॉलोनी देरी रोड छतरपुर, शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे अपने मामा की बेटी की शादी के लिए मंडप की तैयारी हेतु लालौनी तिगड्डे पर जामुन के पत्ते तोडऩे गया था। पत्ते तोड़ते वक्त पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसे करंट लगा, जो कि इतना तेज था कि दुर्जन के शरीर के साथ-साथ पेड़ में भी आग लग गई। परिजनों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है। मृतक के दो बच्चे हैं, और इस घटना से उसके परिवार में शोक का माहौल है।









