
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र की चेतगिरी कॉलोनी में एक युवक ने तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए महिला को टक्कर मार दी। बाद में जब महिला के पुत्र ने घटना की शिकायत पुलिस से की तो टक्कर मारने वाला युवक गुंडे लेकर उसके घर विवाद करने पहुंच गया। पीडि़त परिवार ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है।फौलादी कलम निवासी सुरेश रैकवार ने बताया कि गत शनिवार की शाम करीब 6 बजे उसकी मां मुनिया रैकवार घर के दरवाजे पर झाडू लगा रही थी, तभी तेज रफ्तार में बाइक चलाकर आ रहे मोहल्ले के सुमित पुत्र गोरेलाल विश्वकर्मा ने उसे टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगने के कारण मुनिया को गंभीर चोटें आई थीं। चूंकि सुमित द्वारा घटना के बाद मुनिया का इलाज भी नहीं कराया गया, इसलिए सुरेश ने घटना की शिकायत कोतवाली थाना में कर दी। जब सुमित को शिकायत की जानकारी मिली तो वह गुंडे लेकर मुनिया के घर पहुंच गया और पूरे परिवार को धमकी दे डाली। फिलहाल मुनिया जिला अस्पताल में भर्ती है, वहीं उसके पुत्र सुरेश ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है।









