
छतरपुर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत एक स्वयंसेवी संगठन है जो 1974 से ग्राहक जागरूकता, ग्राहक शिक्षा और ग्राहक समस्या के लिए मार्गदर्शन के क्षेत्र में काम कर रहा है। राज्य स्तरीय संगठन में 500 से अधिक जिला स्तरीय पदाधिकारी हैं। हमारा संगठन ग्राहक के अधिकारों की सुरक्षा और संवर्धन से जुड़ा देश का अग्रणी संगठन है। इस वर्ष हम स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहे हैं, और राष्ट्रीय स्तर के विषय को लेकर जागरण कर रहे हैं। एमआरपी के विषय को लेकर सरकार, समाज और सोशल मीडिया के माध्यम से हम कार्य कर रहे हैं। इसी को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के शैलेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन के माध्यम से उपभोक्ता मामले के मंत्री एवं खाद्य एवं वित्त मंत्रालय को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत उपभोक्ताओं को ठगी से बचाने एवं जागरूक करने के लिए पूरे देश में कार्य कर रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं के हित में एबीजीपी की मांग है कि एमआरपी संरचना निष्पक्ष, पारदर्शी और आसानी से समझी जाने वाली होनी चाहिए। इसके लिए एबीजीपी ने पत्र के माध्यम से सरकार से एमआरपी की छपाई के लिए अधिकतम सीमा निर्धारित करने वाले नियम/ अधिनियम/ विधान/ आदेश लाने को कहा है।









