
हरपालपुर। जिले की सीमा से सटे यूपी के सौरा गॉव में एक सांड पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया गया। हमले के बाद सांड कुल्हाड़ी सहित सड़क में घूमता देखा गया। इसके बाद गौ सेवकों के सदस्यों ने घायल सांड की पीठ पर लगी कुल्हाड़ी को निकालकर उसका उपचार किया। अज्ञात व्यक्ति के द्वारा सांड पर किए गए हमले से गो-सेवकों में रोष है।
यूपी सौरा चौकी क्षेत्र के हरपालपुर-नौगॉव पेट्रोल पंप के पास एक घायल सांड को देखा गया था। सांड के पीठ पर कुल्हाड़ी लगी हुई थी। खून से लथपथ घायल सांड परेशान हाल में घूम रहा था जिसने भी घायल सांड को देखा वह रोषित हो उठा। इसके बाद घायल बैल की सूचना गो सेवकों को दी गई थी। सूचना के बाद मौके पर पंहुचे गो सेवकों ने अन्य लोगों की मदद से सांड की पीठ पर लगी कुल्हाड़ी को निकालने के बाद सांड का उपचार कराया।








