छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय छतरपुर की हिंदी अध्ययन शाला में पदस्थ प्राध्यापक डॉ. बहादुर सिंह परमार व नंदकिशोर पटेल आगामी 21 व 22 फरवरी को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली में मातृभाषा दिवस पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में भाग लेने जा रहे हैं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली के भारतीय भाषा केंद्र में आईसीएसएसआर, दिल्ली तथा मैथिली भोजपुरी अकादमी दिल्ली के सहयोग से मातृभाषा दिवस पर इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रथम दिवस प्रोफेसर बहादुर सिंह परमार बुंदेली सर्जना की दशा व दिशा पर तथा द्वितीय दिवस को नंदकिशोर पटेल बुंदेलखंड की साहित्यिक पत्रकारिता की परंपरा पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। इस संगोष्ठी में भागीदारी करने पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शुभा तिवारी, कुलसचिव यशवंत सिंह पटेल, संकायाध्यक्ष व विभागाध्यक्ष प्रो. पुष्पा दुबे ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।








