
छतरपुर। शुक्रवार को मातगुवां कस्बे में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक का शव उसके खेत पर लगे एक पेड़ से लटकता हुआ परिजनों को मिला है। मृतक के भाई माखन यादव ने बताया कि उसका 17 वर्षीय भाई अनारी पुत्र देवीदीन यादव कल से लापता था। सुबह से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। जब परिजन खेतों की ओर गए तो उन्हें अनारी का शव खेत में लगे एक पेड़ से लटकता हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्यवाही के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए छतरपुर जिला अस्पताल भेजा। मृतक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके पीछे के कारण सामने नहीं आए हैं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।








