
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में जिले में वर्षों से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान रंग ला रहा है। इस अभियान के तहत 14 से 22 साल पुराने हत्या के प्रयास, चोरी, धोखाधड़ी और विस्फोटक अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में 54 हजार रुपये के 6 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस लंबित आपराधिक मामलों के निराकरण में भी तेजी से काम कर रही है।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बमीठा थाना पुलिस ने 14 साल पुराने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के मामले में 10,000 रुपये के इनामी फरार आरोपी गोपी यादव, पिता बाबूलाल यादव, निवासी खरगापुर, जिला टीकमगढ़ को गिरफ्तार किया है। साथ ही, 22 साल पुराने डकैती और दुष्कर्म के प्रकरण का भी निराकरण किया गया है। इसी तरह गौरिहार थाना पुलिस ने 17 साल पुराने चोरी के मामले में 10 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी राजू अहिरवार, पिता झंडू अहिरवार, निवासी इचौली, जिला हमीरपुर को गिरफ्तार किया है। गढ़ीमलहरा पुलिस ने 17 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में 4 हजार रुपये के इनामी आरोपी जानकी कुर्मी को ग्राम डुमरा से पकड़ा है। ओरछा रोड थाना पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी शहीदुल उर्फ लादेन को जिला पन्ना से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी 20 और 21 साल पुराने चोरी के मामलों में की गई।
नौगांव पुलिस ने 17 साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में 10 हजार रुपये के इनामी सुघर सिंह खंगार को ग्राम जराखर, जिला हमीरपुर से गिरफ्तार किया है।








