
नौगांव। हर वर्ष मकर संक्रांति से 15 दिन पहले नगर में लगने वाले निवास मेले के 69वें आयोजन का गुरुवार की शाम क्षेत्रीय विधायक द्वारा फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीतू सिंह, आलोक जायसवाल, पार्षद श्रीराम यादव, श्याम सुंदर अरजरिया, मुरारी जाटव, जीतेंद्र यादव, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, थाना प्रभारी सतीश सिंह और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।आगामी 5 से 13 जनवरी तक मेले में प्रतिदिन रात 8 बजे से कवि सम्मेलन, आर्केस्ट्रा, नौटंकी, जवाबी कीर्तन सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए मेले में अस्थाई पुलिस चौकी भी बनाई गई है। इतिहासकार दिनेश सेन ने बताया कि पहले जब निवास मेला लगता था, जब मेले में अनेक प्रकार की प्रदर्शनी लगाई जाती थी। ब्रह्माकुमारीज के अलावा शासन की योजनाओं की जानकारी इन प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाती थी, लेकिन समय के साथ मेले का रूप भी बदल गया, जब यह मेला ख्वाजा मिठाई, झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पहचाना जाने लगा है। इसके अलावा मेला महोत्सव के अंतर्गत कबड्डी, बास्केट बॉल और क्रिकेट आदि खेलों का भी आयोजन किया जाने लगा है।








