
खजुराहो। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग छतरपुर द्वारा खजुराहो स्थित कार्यालय उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग संजय निकुंज परिसर में जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश तथा उपसंचालक कृषि छतरपुर डॉ.के.के.वैद्य के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश राज्य मिलेट मिशन अंतर्गत मोटे अनाज उत्पादन हेतु शुक्रवार को विकास खण्ड स्तरीय ब्रांडिंग गैलरी एवं कृषक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के आयोजक कृषि विभाग राजनगर के वी.के.श्रीवास्तव के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोटे अनाज उत्पादन के लिए नेशनल अवार्ड से सम्मानित हब्बीबाई आदिवासी सलैया मौजूद रही। उन्होंने पुरुष कृषकों के साथ महिला कृषकों को मोटे अनाज उत्पादन के फायदे और लाभ बताए साथ ही मनुष्य के स्वस्थ्य जीवन के लिए मोटे अनाज के आहार को जरूरी बताया। शिविर में किसानों को प्राकृतिक तथा जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया साथ ही पराली को खेत में जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। कृषकों को खेती में गोबर तथा केंचुए की खाद के उपयोग को जमीन की उर्भरा शक्ति को बढ़ाने वाला बताया गया। शिविर में श्रीअन्न के रूप में कोदों, कुटकी, ज्वार, बाजरा, रागी, सावां, चीना जैसे मोटे अनाजों की प्राकृतिक खेती करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कृषि विभाग से कृषि विकास अधिकारी राजीव सक्सेना ने किया। कार्यक्रम में संजय निकुंज उद्यान प्रभारी एस.बी.प्रजापति, एसएचडीओ प्रभारी योगेश यादव, एस.के.नायक, के.एल.रजक, अशरफ खान, कृषि स्थाई समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि ब्रजगोपाल पटेल, जगदीश दुबे, आनंद शर्मा,किसान संघ से रामप्रकाश पटेल, दीपेंद्र सिंह, तीरथ तिवारी, गंगू पटेल, भगवती यादव, हर्षित लखेरा, अजय यादव सहित अन्य अतिथि और बड़ी संख्या में किसानों के साथ महिला कृषक शामिल रही। कार्यक्रम में दर्शना तथा सृजन एनजीओ सहित अन्य ने अपने अपने स्टॉल लगाकर किसानों को जाग्रत किया। ललपुर की बजरंग संकीर्तन मंडली ने कृषि पर आधारित संगीतमय प्रस्तुतियां दी।








